सांप इस धरती पर डायनासोर के युग से ही है। इतने लंबे समय से हम सांपों के बारे में बहुत सी बातें जान चुके हैं। फिर भी सांपों की दुनिया आज भी रहस्यमयी नज़र आती है। कहते हैं कि सांप इस धरती पर 130 मिलियन साल से है। दुनिया में सांपों की लगभग 2500 से अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं। इनमें से केवल 20 प्रतिशत प्रजातियां ही ज़हरीली होती हैं। भारत में सांपों की करीब 300 किस्में पाई जाती है। सांप के बारे में कहा जाता है कि वह किसी भी चीज़ को चबाकर नहीं खाते बल्कि सीधे निगल जाते हैं। वैसे तो सांप इंसानों पर हमला नहीं करते लेकिन यदि कोई उन्हें छेड़े या परेशान करे तो वह उन्हें छोड़ते भी नहीं। वहीं, कुछ सांप ऐसे भी होते हैं जो बिना मतलब भी इंसानों पर हमला कर देते हैं।
आज हम आपको एक ऐसी महिला के बारे में बताने जा रहे हैं जिसने बहुत बहादुरी के साथ एक सांप का सामना किया। उत्तर प्रदेश के बहराइच की रहने वाली एक महिला ने ऐसी दिलेरी का काम किया है जिसके बाद से वह मीडिया की सुर्खियों में है।
सांप ने काटा महिला को
हरदी थाना क्षेत्र के शाहपुर मौजा ग्राम निवासी महिला मीरकला बीती देर रात शौच के लिए जा रही थी। घर में शौच मौजूद न होने की वजह से वह हर रोज़ खेतों में जाया करती थी। बीती रात भी ऐसा ही कुछ हुआ। जब वह शौच जाने के लिए निकली तभी उसका पैर एक ज़हरीले सांप पर पड़ गया और सांप ने उसे काट लिया। उसके बाद महिला ने जो बहादुरी का काम किया वह वाकई काबिल-ए-तारीफ था।
दरअसल, जब महिला ने देखा कि उसे एक सांप ने काट लिया है तो वह शोर मचाने लगी और उसने सांप को हाथों से पकड़ लिया। उसने अपनी साड़ी के सहारे सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद कर दिया। महिला की आवाज़ सुनकर उसके परिवार वाले घटनास्थल पर पहुंचे जिसके बाद उसने सांप काटने की बात बताई।
महिला अपने घरवालों के साथ जिला अस्पताल इलाज कराने पहुंची। इस दौरान वह सांप को भी अपने साथ अस्पताल लेकर गयी। अस्पताल में सांप को देखकर वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गयें वहां सांप को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गयी। महिला ने डॉक्टर को बताया कि उसे सांप ने काट लिया है और वह उसे अपने साथ पकड़कर लायी है। यह सुनते ही डॉक्टरों ने आनन-फानन में महिला का इलाज शुरू कर दिया। बता दें, जिस सांप नें महिला को काटा था वह इतना ज़हरीला था कि महिला का शरीर काला पड़ गया था।
जिस किसी को भी इस घटना के बारे में पता चल रहा है वह महिला की बहादुरी की तरीफ कर रहा है। पूरे शरीर में ज़हर फैलने की वजह से महिला की हालत काफी नाज़ुक हो चुकी थी। लेकिन सांप को देखने के बाद डॉक्टरों ने इलाज तुरंत शुरू कर दिया। बता दें अब महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।